बागपत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बागपत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इतिहास, संस्कृति और सनातन पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बागपत का इतिहास महाभारत काल से जुड़ा हुआ है और मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने कौरवों से जिन पांच गांवों की मांग की थी, उनमें बागपत भी शामिल था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भूमि किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि रही है और यहां से कई बड़ी हस्तियां निकली हैं। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर जाट समाज को केवल खेती तक सीमित मानते हैं, लेकिन बागपत के रहने वाले सत्यपाल सिंह मुंबई पुलिस कमिश्नर बने और देशभर में अपनी पहचान बनाई।
सीएम ने कहा कि आज जयंत चौधरी के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोक दल केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहा है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने गुरु गोरखनाथ का जिक्र करते हुए कहा कि संतों और योगियों ने विदेशी आक्रांताओं के खिलाफ समाज को जागरूक किया और संघर्ष का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कृति पर हमला होने पर योगी समाज की रक्षा के लिए हमेशा खड़ा रहेगा।
सीएम योगी ने काशी विश्वनाथ मंदिर और राम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा ने कभी किसी पर आक्रमण नहीं किया, लेकिन अपनी संस्कृति और आस्था की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष किया है।




