बरेली। सपा पार्षद दल के नेता गौरव सक्सेना और डॉ. शैलेश सक्सेना ने अपने माता-पिता उमेश चंद्र सक्सेना और ओमवती सक्सेना की स्मृति में सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में अच्छे अंक लाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं और 50 साल का वैवाहिक जीवन पूरा कर चुके बुजुर्ग दंपतियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत माता-पिता के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। गौरव सक्सेना ने बताया कि तीन वर्ष पहले उनके माता-पिता का एक ही दिन निधन हो गया था। उनकी याद में हर साल यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
समारोह में श्री राममूर्ति स्मारक ट्रस्ट के चेयरमैन देवमूर्ति मुख्य अतिथि रहे। सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी और पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर छात्रों और बुजुर्गों का उत्साह बढ़ाया।अतिथियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया, जबकि बुजुर्ग दंपतियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम में 145 छात्र-छात्राओं और 35 बुजुर्ग दंपतियों को सम्मान मिला। इसके अलावा प्रोफेसर आलोक श्रीवास्तव और प्रधानाचार्य श्यामेश पाठक को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, शिक्षक, पार्षद और स्थानीय लोग मौजूद रहे।




