पिता की हत्या कर आत्महत्या दिखाने की साजिश, मीरगंज पुलिस ने बेटे को दबोचा

SHARE:

बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया आजमपुर में हुई बुजुर्ग की मौत का मामला आखिरकार हत्या निकली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक बाबू सिंह की हत्या उसके ही बेटे ने जमीन विवाद के चलते की थी। घटना को आत्महत्या साबित करने की कोशिश भी की गई, लेकिन सच्चाई ज्यादा देर छिप नहीं सकी।

 

पुलिस ने आरोपी कुलदीप को मुखबिर की सूचना पर मीरगंज डाकखाना चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। बताया जा रहा है कि 22 अक्टूबर 2025 को इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस लगातार जांच में जुटी थी।

थाना मीरगंज के इंस्पेक्टर संजय तोमर ने प्रेस बयान जारी कर बताया कि पिता-पुत्र के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन गन्ने के खेत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर अपने पिता का गला दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी योजना में पूरी तरह सफल नहीं हो सका। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई उजागर कर दी।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!