तंजानिया में गूंजा मनौना धाम का नाम: महंत ओमेन्द्र महाराज की यात्रा से प्रवासी भारतीयों में उत्साह

SHARE:

तंजानिया। विश्व विख्यात श्री श्याम जी मंदिर मनौना धाम के पीठाधीश्वर महंत ओमेन्द्र महाराज इन दिनों तंजानिया की सात दिवसीय धार्मिक यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने हजारों प्रवासी भारतीयों और स्थानीय श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। अपने आराध्य गुरु को अपने बीच पाकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला।

यात्रा के अंतिम दिन तंजानिया के जंजीबार में राष्ट्रपति डॉ. हुसैन अली म्विन्यी ने महंत ओमेन्द्र महाराज का भव्य स्वागत किया और शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान दोनों के बीच भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म, मनौना धाम की मान्यताओं और बाबा श्याम जी की महिमा पर विस्तृत चर्चा हुई।


राष्ट्रपति ने महंत जी के तंजानिया आगमन को सम्मान बताते हुए आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी मनौना धाम के बारे में जानकारी देते हुए इसे आस्था का बड़ा केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और धाम से जुड़ी मान्यताओं के अनुसार लोग विभिन्न गंभीर बीमारियों में भी राहत मिलने का विश्वास रखते हैं।

धार्मिक यात्रा के दौरान महंत ओमेन्द्र महाराज ने सनातन संस्कृति के संदेश को वैश्विक स्तर पर प्रसारित करने पर जोर दिया। तंजानिया में भी बाबा श्याम के प्रति बढ़ती आस्था को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला।

गौरतलब है कि डॉ. हुसैन अली म्विन्यी वर्ष 2020 से जंजीबार के 8वें राष्ट्रपति और क्रांतिकारी परिषद के अध्यक्ष हैं। वे तंजानिया के पूर्व राष्ट्रपति अली हसन म्विन्यी के पुत्र हैं और सामाजिक व विकास कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मानित हो चुके हैं।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!