बरेली । बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भोना में गुरुवार को एक घर में गैस सिलेंडर फटने से अचानक आग लग गई। धमाके की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आग ने कुछ ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अशरफ के घर में उस समय खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते घर में रखा सामान जलकर खाक हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और आग बुझाने में जुट गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा लेने से कोई जनहानि नहीं हुई और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।
कोतवाली बहेड़ी के इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया गया है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।



