3 मई से यूपी में गौरक्षा को लेकर जनजागरण अभियान शुरू करेंगे शंकराचार्य

SHARE:

बरेली।जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने घोषणा की है कि वे 3 मई से 30 जुलाई तक पूरे उत्तर प्रदेश में गौरक्षा को लेकर जनजागरण अभियान चलाएंगे। इस दौरान वे प्रदेश की हर विधानसभा में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और गौ माता की सुरक्षा को लेकर जनसमर्थन जुटाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का समर्थन या विरोध करना नहीं है बल्कि समाज को जागरूक करना है ताकि गौ संरक्षण को प्राथमिकता दी जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी सरकार गौ माता की रक्षा के लिए ठोस और पहला कदम उठाएगी उसी को उनका समर्थन मिलेगा।

फोटो में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज

शंकराचार्य ने अपने दौरे के बारे में बताया कि वे वाराणसी से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली जा रहे हैं। यह यात्रा बद्रीनाथ धाम के ग्रीष्मकालीन कपाट खुलने की परंपरा से जुड़ी है। उन्होंने बरेली को धर्म क्षेत्र बताते हुए यहां की धार्मिक परंपराओं की सराहना की।
उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि समाज खुद आगे आकर गौ माता की रक्षा के लिए खड़ा हो। जनजागरण अभियान के माध्यम से लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जाएगा और यह बताया जाएगा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

अपने ऊपर लगे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह सब उन्हें चुप कराने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि वे गौ हत्या जैसे मुद्दों को उठाते रहेंगे और इससे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
प्रदेश की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि जमीनी हकीकत को समझना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि गौ संरक्षण के दावों के बावजूद कई जगहों पर हालात चिंताजनक हैं और इसीलिए जनजागरण की आवश्यकता है।

गायों की घटती संख्या पर उठाया सवाल
शंकराचार्य ने उत्तर प्रदेश में गायों की घटती संख्या पर भी सवाल उठाया। उन्होंने 2019 की गणना का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में गायों की संख्या में करीब 4.8 प्रतिशत की कमी आई है जबकि पश्चिम बंगाल में यह संख्या 15 प्रतिशत तक बढ़ी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब बंगाल में गायों की संख्या बढ़ रही है तो उत्तर प्रदेश में क्यों घट रही है।उन्होंने कहा कि यह आंकड़े गंभीर चिंता का विषय हैं और इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

विदेश नीति और महंगाई पर भी जताई चिंता
शंकराचार्य ने अंतरराष्ट्रीय हालात और उसके प्रभाव पर भी बात की। उन्होंने कहा कि दुनिया के कुछ देशों के बीच चल रहे संघर्षों का असर भारत पर भी पड़ रहा है।

महंगाई को लेकर उन्होंने कहा कि आम आदमी पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। रसोई गैस सहित कई जरूरी वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।अंत में उन्होंने कहा कि उनका अभियान समाज को जोड़ने और जागरूक करने का प्रयास है ताकि गौ माता की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!