रामनवमी पर श्यामगंज मंदिर में भक्ति का सैलाब, पारंपरिक भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साईं-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर में रामनवमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजन के साथ हुई।

 

मुख्य यजमान मनीष अग्रवाल और अंकुर अग्रवाल ने पंडित सुशील पाठक के मार्गदर्शन में गणेश पूजन, गायत्री पूजन और दत्तात्रेय पूजन कराया। इसके बाद साईं बाबा का महाभिषेक और हवन-पूजन संपन्न हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस बार भंडारे की खास बात यह रही कि प्रसाद पारंपरिक तरीके से लकड़ी और कंडों के चूल्हे पर तैयार किया गया। मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि गैस की कमी के चलते यह निर्णय लिया गया, लेकिन इससे प्रसाद का स्वाद और शुद्धता और भी बढ़ गई, जिसे श्रद्धालुओं ने खूब सराहा।

दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर विशेष पूजा और आरती हुई। इसके बाद कन्या पूजन किया गया, जिसमें छोटी बच्चियों और बटुकों को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद लिया गया। आरती के बाद भंडारा शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा।

इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मंदिर पहुंचे, पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान “जय श्री राम” और “साईं नाथ महाराज की जय” के जयकारों से माहौल गूंजता रहा।
भक्ति और सेवा के इस आयोजन ने श्रद्धालुओं के बीच खास उत्साह और आस्था का संदेश दिया।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज