बरेली। जिले में नए सिटी मजिस्ट्रेट के तौर पर राजेश कुमार वर्मा ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पद संभालते ही वह सक्रिय और एक्शन मोड में दिखाई दिए। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाना उनकी प्राथमिकता होगी।
सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि जालौन से स्थानांतरण के बाद उन्हें बरेली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखना, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी कार्यशैली का मुख्य आधार रहेगा।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने संयमित और संतुलित शब्दों में सवालों के उत्तर दिए तथा संकेत दिया कि शहर की प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा और नियमों का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा।
गौरतलब है कि बरेली में पूर्व में तैनात रहे सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने 26 जनवरी 2026 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपने त्यागपत्र में यूजीसी और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान का आरोप लगाया था। इसके बाद उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर सरकारी आवास में नजरबंद किए जाने का आरोप लगाते हुए मामले को और अधिक चर्चा में ला दिया था।
हाल के दिनों में अलंकार अग्निहोत्री द्वारा एससी-एसटी कानून को वापस लेने की मांग भी की गई, जिसको लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी बहस और विरोध सामने आया।



