बरेली। शाही थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुल्तानपुर गांव के पास हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे में दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम सुल्तानपुर गांव के पास दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि एक बाइक पर सवार युवक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
दुर्घटना में बकैनिया वीरपुर निवासी 20 वर्षीय अर्जुन और धनेटा निवासी 20 वर्षीय अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुल्तानपुर निवासी चंद्रपाल और धनेटा निवासी राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के परिजनों को सूचना दे दी गई। युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया।
शाही थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।




