उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में स्थित एक कोचिंग सेंटर में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे भवन के भीतर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 15 लोगों की जान चली गई, जबकि 9 अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान आग में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रशासन ने मृतकों और घायलों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी है।

मृतकों के नाम
सागर, नीलेश, अनामिका, संजय, अनुषा, सुखमनी, आदित्य श्रीवास्तव, ज्योति, भविष्य, अब्दुल रहमान, सूरज शाह, माहजान, जयनिल चक्रवर्ती, मोहम्मद अमार और सुमल्या
घायल लोगों के नाम
जयंत, लवप्रीत, मोहम्मद आसिफ, भुवन श्रीवास्तव, पंकज, शैलेंद्र, अभिषेक, पंकज जोशी और गौरव कुमार।
हादसे के बाद विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया है। बसपा प्रमुख मायावती ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं कई परिवारों की खुशियां और उम्मीदें छीन लेती हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी संबंधित पक्षों को गंभीरता से काम करना होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहे और पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाए।
फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटा है। प्रारंभिक जांच के आधार पर तकनीकी खामी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीएम ने अलीगढ़ के कार्यक्रम को बीच में छोड़ा
लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ में चल रहे अपने कार्यक्रम को बीच में ही समाप्त कर दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा अलीगढ़ में अधिक समय बिताने की थी, लेकिन लखनऊ से एक दुखद हादसे की सूचना मिली है, जिसमें कई बच्चों समेत लोगों की जान गई है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव (गृह) को तत्काल मौके पर जाकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वे स्वयं भी स्थिति का जायजा लेने के लिए लखनऊ रवाना हो रहे हैं।
अग्निकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, छह नामजद
लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में छह नामजद आरोपियों और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार, थाना अलीगंज में मुकदमा संख्या 115/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 110, 105, 125, 3(5) तथा उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा अधिनियम की धारा 6/10 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रामकृष्ण उपाध्याय, वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला और तुषार कृष्णा जायसवाल शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और अन्य गंभीर लापरवाही के तथ्य सामने आए हैं।पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच कर रहे हैं। घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




