बरेली। शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता इंजीनियर अनीस अहमद की ओर से शिक्षकों के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल होंगे। इस दौरान शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ ही उनके साथ सीधे संवाद कर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
समारोह में शिक्षकों से शिक्षा के क्षेत्र में सामने आ रही चुनौतियों, कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं और उनकी जरूरतों को लेकर बातचीत की जाएगी। शिक्षकों से सुझाव भी लिए जाएंगे, ताकि उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को बेहतर तरीके से समझा जा सके। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों का मनोबल बढ़ाने और उनके साथ मजबूती से खड़े होने का संदेश देने की बात कही गई है।
इंजीनियर अनीस अहमद ने कहा कि समारोह में शामिल होने वाले सभी शिक्षकों को सम्मान दिया जाएगा। उनका उद्देश्य शिक्षकों का हौसला बढ़ाना है, ताकि उन्हें यह भरोसा रहे कि समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं और उनके सम्मान के साथ-साथ उनकी समस्याओं पर भी गंभीरता से चर्चा जरूरी है।
अनीस अहमद लंबे समय से क्षेत्र की सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। वह कैंट विधानसभा सीट से सपा के संभावित दावेदारों में शामिल हैं। ऐसे में शिक्षक दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे शिक्षकों के बीच संवाद बढ़ाने और उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है।



