बहेड़ी। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बहेड़ी नगर में बुधवार को पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का बड़ा संदेश देते हुए फ्लैग मार्च निकाला। भारी पुलिस बल के साथ निकाले गए इस मार्च ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाया और असामाजिक तत्वों को साफ चेतावनी भी दी।

क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार के नेतृत्व में शुरू हुआ फ्लैग मार्च कोतवाली परिसर से रवाना होकर नगर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। पुलिस टीम ने रामलीला मोहल्ला, टांडा, गोदाम क्षेत्र, शेखूपुर, होली चौराहा, पंजाबी कॉलोनी और डाकखाना रोड समेत कई इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से संवाद कर त्योहार को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, माहौल बिगाड़ने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और तुरंत पुलिस को जानकारी दें।
सीओ अरुण कुमार ने बताया कि बकरीद के दौरान नगर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।
फ्लैग मार्च में कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा, तहसीलदार भानू प्रताप सिंह सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। पूरे मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय दिखाई दिया।




