बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के वंशीनगला में सचिन कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी बाबू उर्फ रोहित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सराय तलफी रोड पर घेराबंदी के दौरान आरोपी की ओर से फायरिंग की गई, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को सचिन कश्यप की हत्या के मामले में उनकी पत्नी गुड़िया देवी की शिकायत पर सुभाषनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बाबू उर्फ रोहित समेत कई लोगों पर मारपीट और चाकू से हमला करने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि मामले में वांछित बाबू उर्फ रोहित श्मशान घाट मंदिर की तरफ से सराय तलफी की ओर जा रहा है। पुलिस टीम ने सराय तलफी रोड पर घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
तमंचा और कारतूस बरामद करने का दावा
सीओ नितिन कुमार के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के पास से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया कथित आला-ए-कत्ल चाकू भी बरामद किया गया।
सीओ ने बताया कि इसी मुकदमे में आरोपी आशीष को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पैर में गोली लगने के बाद बाबू उर्फ रोहित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मुठभेड़ और हथियार बरामदगी को लेकर अलग से कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।



