बरेली। त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए बरेली में प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने बदायूं से बरेली लाई जा रही करीब तीन क्विंटल एनालॉग पनीर की खेप पकड़ी। कार्रवाई के दौरान संबंधित सप्लायर अरसान अली मौके से फरार हो गया। टीम ने बरामद पनीर को नष्ट करा दिया।
इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग की अलग-अलग टीमों ने जिले में 50 से अधिक मिठाई की दुकानों की जांच की। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों पर खराब और दुर्गंधयुक्त मिठाइयां मिलीं। टीम ने करीब 10 क्विंटल से अधिक ऐसी मिठाइयों को मौके पर नष्ट कराया और खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए।
त्योहारों के चलते बाजार में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ी है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने मिलावट के खिलाफ निगरानी और छापेमारी बढ़ा दी है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों से लेकर स्ट्रीट फूड तक की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


