बरेली। जमीन से जुड़े विवाद का समाधान नहीं होने से परेशान एक दंपती ने मंगलवार को बरेली कलेक्ट्रेट परिसर में कथित तौर पर आत्मदाह की कोशिश कर दी। ज्वलनशील पदार्थ लेकर पहुंचे दंपती के इस कदम से परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों को रोक लिया और ज्वलनशील पदार्थ की बोतल अपने कब्जे में ले ली।
बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के चंद्रपुर बिचपुरी गांव निवासी नरेश पाल सिंह अपनी पत्नी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। बताया गया कि उन्होंने अपनी जमीन संबंधी समस्या अधिकारियों के सामने रखी और इसके बाद अचानक आत्मदाह का प्रयास किया।
पुलिसकर्मियों ने दोनों को पकड़कर स्थिति संभाली। इस दौरान सब इंस्पेक्टर ओमपाल सिंह की उंगली में चोट लग गई, जबकि होमगार्ड संदीप शर्मा पर ज्वलनशील पदार्थ के छींटे पड़ गए। पुलिसकर्मी अमित कुसुम ने भी दंपती को काबू करने में सहयोग किया। इसके बाद दोनों को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पूछताछ में नरेश पाल ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर वह काफी समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रहा था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों और शिकायतों की जांच कर रही है।डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


