बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र में आठ दिन पहले घायल अवस्था में मिले 18 वर्षीय युवक की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। हत्या का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर बहेड़ी सीओ के साथ चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त की रात ग्राम देवीपुरा निवासी युवक देवीपुरा बाजार के पास घायल मिला था। सूचना मिलने पर पीआरवी और एंबुलेंस की मदद से उसे बहेड़ी सीएचसी पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर युवक को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका आईसीयू में उपचार चल रहा था। शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिवार ने युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। मृतक के भाई की ओर से दी गई तहरीर में गरीबपुरा निवासी परमवीर, सचिन और कपिल समेत कुछ अज्ञात लोगों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि घटना से पहले दोपहर में भी युवक के साथ विवाद और मारपीट हुई थी। शाम को घर लौटते समय बाजार के पास उस पर दोबारा हमला किया गया।
शव गांव पहुंचने के बाद ग्रामीण सड़क पर एकत्र हो गए और कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगा दिया। वाहनों की लंबी कतारें लगने पर पुलिस ने मोर्चा संभाला। अधिकारियों के समझाने और निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।
पुलिस ने मामले में तीन लोगों को नामजद किया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम में चोटें दुर्घटना से संबंधित बताई गई हैं। पहले हुई मारपीट की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



