बारादरी थाने के गेट पर युवक का आत्मदाह प्रयास, बाइक विवाद से जुड़ा मामला

SHARE:

बरेली के बारादरी थाना परिसर में 24 फरवरी की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने कथित रूप से ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगाने की कोशिश की। पुलिस की तत्परता से उसे बचा लिया गया। उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

24 फरवरी की रात बारादरी थाना के मुख्य गेट पर फतेहगंज पश्चिमी निवासी 32 वर्षीय अक्षय कुमार कश्यप ने आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, अक्षय अपनी बाइक छुड़वाने के सिलसिले में थाने आया था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले वह गंगापुर इलाके में डिलीवरी देने गया था। इस दौरान उसकी बाइक शराब की दुकान के पास खड़ी थी और उसमें चाबी लगी रह गई थी। आरोप है कि एक युवक बाइक लेकर भागने लगा।

 

 

पीछा करने के दौरान अफरा-तफरी की स्थिति बनी और बाइक सवार ने सामने से आ रहे एक अन्य युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।घटना की सूचना पर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई और जांच के लिए बाइक को कब्जे में ले लिया। इसी मामले में बाइक रिलीज कराने के लिए अक्षय पिछले दो दिनों से थाने के चक्कर लगा रहा था।

 

एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि युवक वाहन छोड़े जाने की मांग कर रहा था। उसे नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वाहन रिलीज करने की बात समझाई गई थी, लेकिन वह आवेश में आ गया और खुद को आग लगाने का प्रयास कर बैठा। उन्होंने बताया कि युवक की हालत अब खतरे से बाहर है।

वहीं, अक्षय का कहना है कि उसकी बाइक जांच के नाम पर रोकी गई थी और उसकी बात को गंभीरता से नहीं सुना गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने मामले की रिपोर्ट तलब की है। एसपी सिटी ने स्पष्ट किया है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कराई जा रही है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या दोष पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!