बरेली। शहर में हनीट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने युवक को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। आरोप है कि पहले 10 लाख रुपये वसूले गए और बाद में 12 लाख रुपये की और मांग की गई। रकम न देने पर दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती रही। पीड़ित की शिकायत पर थाना प्रेमनगर पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
इन्द्रानगर, थाना प्रेमनगर निवासी मनीष गंगवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि महिला ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में संबंधों का हवाला देकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। डर के कारण उसने 10 लाख रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद भी महिला ने 12 लाख रुपये और मांगे। लगातार दबाव और धमकियों से परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। 14 फरवरी की सुबह मुखबिर की सूचना पर मुख्य अभियुक्ता पूजा शर्मा (37 वर्ष), थाना इज्जतनगर, बरेली को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। मामले में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसका अपने पति से विवाद चल रहा है और वह अलग रह रही है। आय का कोई स्थायी साधन न होने के कारण उसने लालच में आकर युवक के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई और समझौते के नाम पर 10 लाख रुपये लिए। बाद में 12 लाख रुपये और मांगने की बात भी सामने आई।
पुलिस टीम में निरीक्षक अपराध प्रमोद कुमार, उप निरीक्षक मोहम्मद सरताज समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।



