बहेड़ी तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस इस बार किसानों के प्रदर्शन के चलते सुर्खियों में रहा। गन्ना भुगतान में देरी से नाराज किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में जोरदार विरोध जताते हुए केसर चीनी मिल पर करीब 146 करोड़ रुपये बकाया होने का मुद्दा उठाया। किसानों का आरोप है कि चालू पेराई सत्र का लगभग 35 करोड़ रुपये भुगतान भी लंबित है।
एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गन्ना विभाग के अधिकारियों को तलब किया, लेकिन मौके पर जिम्मेदार अधिकारी के बजाय केवल बाबू के पहुंचने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने जिला गन्ना अधिकारी से फोन पर बात कर जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
समाधान दिवस में कुल 40 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 7 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित मामलों को लेकर एडीएम ने कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कार्यप्रणाली सुधारने के निर्देश दिए।
इसके अलावा पूर्ति विभाग से जुड़ी शिकायतें भी बड़ी संख्या में सामने आईं, जिस पर सप्लाई इंस्पेक्टर को फटकार लगाई गई। तालाबों पर अवैध कब्जों को लेकर भी स्थानीय लोगों ने ज्ञापन सौंपा, जिस पर जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भूमि अभिलेखों में गड़बड़ी की शिकायत पर भी एडीएम ने जांच के आदेश दिए हैं। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।



