भोजीपुरा। थाना क्षेत्र के ग्राम सुरला स्थित गोलू देवता मंदिर में तीसरा वार्षिक महोत्सव भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक समरसता के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे विधिवत हवन-पूजन के साथ हुई। इसके उपरांत 11 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन पाठ संपन्न कराया गया।
दोपहर बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों के साथ-साथ पर्वतीय समाज के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। गोलू देवता मंदिर अपने वार्षिक भंडारे और धार्मिक आयोजनों के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है।
महोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना के माध्यम से गोलू देवता की महिमा का गुणगान किया गया।
भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया, जिससे आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश प्रसारित हुआ।
कार्यक्रम ने स्थानीय धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य किया। इस अवसर पर मंदिर के संस्थापक डॉ. महेंद्र कुमार सक्सेना एवं संस्थापिका कमलाचंद्र विशेष रूप से उपस्थित रहे।
साथ ही वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल कुमार एडवोकेट, अध्यक्ष कुमार पारस, पूर्व प्रधान प्रेमपाल, राम प्रजापति, सर्वेश कुमार प्रजापति, पंडित विनोद कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।तीसरा वार्षिक महोत्सव शांतिपूर्ण, भक्तिमय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।




