बरेली ।बहेड़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला इस्लाम नगर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब मिलन मैरिज हॉल के सामने सड़क किनारे पड़े कूड़े के ढेर से उठी चिंगारी ने पास में खड़ी कारों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि पार्किंग में खड़ी तीन कारें धू-धू कर जलने लगीं। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले सड़क किनारे जमा कूड़े में हल्की आग लगी, जिससे उठी चिंगारी पास में खड़ी हकीम जी उर्फ अकील अहमद की एक्सयूवी कार तक पहुंच गई। कुछ ही पलों में कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज लपटों की चपेट में आकर बगल में खड़ी शकील सेठ की अल्टो कार और मोहम्मद आजम की स्विफ्ट डिजायर भी जलने लगीं।

आग फैलते देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग आसपास के घरों और दुकानों तक नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग की चपेट में आई तीनों कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बताया जा रहा है कि आग के चलते लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। प्रारंभिक जांच में कूड़े के ढेर से निकली चिंगारी को आग का कारण माना जा रहा है, हालांकि शॉर्ट सर्किट समेत अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि कूड़े के ढेर से उठी चिंगारी की चपेट में आने कई वाहनों में आग लगी है। फायर ने पहुंचकर आग पर काबू पाया है। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।




