बरेली में ऑनलाइन चालान प्रणाली को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कांस्टेबल की बाइक का चालान उस समय कट गया जब वाहन घर पर ही खराब हालत में खड़ा था। मामले की जांच में एक ही नंबर की दूसरी बाइक चलने की आशंका भी सामने आई है।
थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के गांव मेवा पट्टी निवासी कांस्टेबल के अनुसार, वह 14 मार्च को जिला अस्पताल में ड्यूटी पर थे और उनकी बाइक 15 मार्च को घर पर ही खड़ी थी। इसी बीच उनके मोबाइल पर चालान कटने का मैसेज आया, जिसे देखकर वह हैरान रह गए।
पीड़ित ने बताया कि उसकी बाइक खराब हालत में घर पर खड़ी थी और कहीं गई ही नहीं थी। इसके बावजूद इज्जतनगर पुलिस की ओर से चालान किया गया। मामले में जब संबंधित पुलिस ने वाहन की स्थिति का फोटो मांगा, तो उन्होंने अपनी खराब बाइक की तस्वीर भेजी। इसके बाद यह स्पष्ट हुआ कि उनके वाहन नंबर का इस्तेमाल कर कोई दूसरी बाइक सड़कों पर चल रही है।
कांस्टेबल ने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी अनुराग आर्य से की है। उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पीड़ित ने मांग की है कि फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।इस घटना के बाद ऑनलाइन चालान व्यवस्था और वाहन नंबरों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।



