भोजीपुरा टोल प्लाजा कर्मियों के उत्पीड़न के खिलाफ किसान एकता संघ का जोरदार प्रदर्शन

SHARE:

बरेली। भोजीपुरा टोल प्लाजा कर्मियों द्वारा हवाई अड्डा गेट पर डेयरी किसानों के कथित उत्पीड़न के विरोध में किसान एकता संघ ने किसान नेता डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में  बड़ा आंदोलन किया। आज दोपहर करीब 1 बजे हवाई अड्डा गेट से पदयात्रा की शुरुआत हुई, जिसमें सैकड़ों किसान शामिल हुए। किसान टोल प्लाजा की तानाशाही के खिलाफ नारेबाजी करते हुए टोल प्लाजा तक पहुंचे।

 

 पदयात्रा के दौरान भारी संख्या में लोगों के जुटने से मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। टोल प्लाजा पहुंचते ही पदयात्रा धरने में बदल गई। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।

धरने को संबोधित करते हुए किसान नेता डॉ. रवि नागर ने कहा कि टोल प्लाजा की तानाशाही किसी भी सूरत में गरीब डेयरी किसानों पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करनी है तो वह सभी अतिक्रमणकारियों पर समान रूप से होनी चाहिए। केवल गरीब डेयरी किसानों को निशाना बनाना अन्याय है।

डॉ. नागर ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को इसी तरह परेशान किया गया तो किसान एकता संघ आर-पार की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी अप्रत्याशित घटना की स्थिति बनती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी टोल प्रशासन की होगी।
राष्ट्रीय सचिव यज्ञ प्रकाश गंगवार ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा पर कर्मियों के नाम पर गुंडागर्दी की जा रही है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि किसानों को किसी भी कीमत पर कमजोर समझने की भूल न की जाए।

पदयात्रा और धरने में राष्ट्रीय सचिव यज्ञ प्रकाश गंगवार, प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा पंडित राजेश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम पाल चौधरी, मंडल अध्यक्ष बहुरन लाल गुर्जर, मंडल महासचिव खेतल सिंह, जिला उपाध्यक्ष गिरीश गोस्वामी सहित सैकड़ों किसान और पदाधिकारी मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!