बरेली में गौकशों पर पुलिस का सख्त एक्शन जारी, तीन दिन में तीन मुठभेड़; भोजीपुरा में दो बदमाश घायल

SHARE:

बरेली में गौकशी के मामलों को लेकर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है, लेकिन इसके बावजूद घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले तीन दिनों में इज्जतनगर, हाफिजगंज और अब भोजीपुरा में मुठभेड़ की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।

बीते तीन दिनों में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों—इज्जतनगर, हाफिजगंज और भोजीपुरा—में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस ने तीनों ही मामलों में आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है।
ताजा मामला भोजीपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी शकील उर्फ मूंछ अपने साथियों के साथ जंगल क्षेत्र में गौकशी की फिराक में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।


बीती देर रात करीब 1:40 बजे जैसे ही पुलिस टीम संदिग्धों के करीब पहुंची, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए शकील उर्फ मूंछ और सलीम उर्फ कलिया को घायल अवस्था में पकड़ लिया। दोनों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से अवैध हथियार, कारतूस और घटना में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।

घटना के दौरान कुछ अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस द्वारा लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।घायल आरोपियों और पुलिसकर्मी को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में वांछित थे और उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गौकशी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। लगातार हो रही कार्रवाई के बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है, लेकिन पुलिस हर मामले में सख्ती से निपट रही है और आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!