बरेली के बहेड़ी कोतवाली में जनता की शिकायतों और मौजूदा हालात को देखते हुए गैस एजेंसी संचालकों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में बहेड़ी इंस्पेक्टर, क्राइम इंस्पेक्टर और एसएसआई सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान अधिकारियों ने गैस आपूर्ति में हो रही देरी और अनियमितताओं पर नाराजगी जताई। सभी एजेंसी मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस ने साफ शब्दों में कहा कि गैस सिलेंडरों की ओवररेटिंग, कालाबाजारी, गलत वितरण या किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि बिना किसी पूर्व चेतावनी के सीधे कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में एजेंसी संचालकों को अपने रिकॉर्ड दुरुस्त रखने और वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




