बरेली। समाजवादी पार्टी के पार्टी कार्यालय पर बहुजन आंदोलन के महानायक मान्यवर कांशीराम की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समाजवादी साथियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और सामाजिक न्याय, समानता व संविधान की रक्षा के लिए उनके मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के महानगर महासचिव पं. दीपक शर्मा भी मौजूद रहे। इस अवसर पर उन्होंने मान्यवर कांशीराम के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन सामाजिक न्याय और बहुजन समाज के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित रहा। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही समाज में समानता और न्याय की स्थापना संभव है।

कार्यक्रम के अंत में पं. दीपक शर्मा की पत्नी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। सभी उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने अपना पूरा जीवन दलित, पिछड़े और वंचित समाज को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए समर्पित किया। उन्होंने बहुजन समाज को संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का रास्ता दिखाया। उनका जीवन और विचार आज भी सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वालों के लिए प्रेरणा हैं।
प्रदेश सचिव शुभलेश यादव ने कहा कि मान्यवर कांशीराम का संदेश था कि समाज के कमजोर और वंचित वर्ग एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ें। आज भी बहुजन समाज को उनके बताए रास्ते पर चलकर शिक्षा, संगठन और संघर्ष के माध्यम से अपने अधिकारों की रक्षा करनी होगी।कार्यक्रम में संजीव सक्सेना, नि. जिला उपाध्यक्ष रविन्द्र सिंह यादव, महानगर उपाध्यक्ष राजेश मौर्य, अम्बेडकर वाहिनी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोनकर, नि. जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, राजेश अग्रवाल, समर्थ मिश्रा, लल्ला यादव, बी.डी. वर्मा, डॉ. अनीस बेग, कैंट विधानसभा अध्यक्ष हरिओम प्रजापति, जितेंद्र मुंडे, रामसेवक प्रजापति, सैय्यद जमील अहमद, राजा भाई, बीना गौतम, स्मिता यादव, रणवीर जाटव, सुनील सागर, अनुज सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।



