बरेली । यूपी की राजनीति में नई संभावनाओं की दस्तक के बीच राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। संगठन ने नई पार्टी के गठन के लिए चुनाव आयोग में औपचारिक आवेदन किया है।
23 मार्च 2026 दिन सोमवार को बरेली से जुड़े राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के प्रतिनिधियों ने भारत निर्वाचन आयोग के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में नई राजनीतिक पार्टी के पंजीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।

इस दौरान उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ता, पदाधिकारी और अधिवक्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस पूरी प्रक्रिया का नेतृत्व संगठन के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री ने किया, जो पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट भी रह चुके हैं। उनके साथ अजय शर्मा, आकांक्षा दीक्षित, नीशू गौड़, रजत मिश्रा और पीयूष गौड़ सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट से जुड़े अधिवक्ताओं की उपस्थिति ने इस पहल को और मजबूती दी। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित पार्टी का उद्देश्य आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना, सामाजिक न्याय को बढ़ावा देना और पारदर्शी शासन व्यवस्था को स्थापित करना है।
संगठन का कहना है कि यह पहल जनता की आवाज को मजबूत मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब चुनाव आयोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई पार्टी के औपचारिक ऐलान की संभावना जताई जा रही है।



