बरेली। प्रेमनगर पुलिस ने मोबाइल व चेन लूट की घटना का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए देर रात मुठभेड़ के दौरान दो वांछित बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार 5 फरवरी 2026 की रात करीब 12:16 बजे राहुल गंगवार निवासी मल्हपुर सबरा, थाना बहेड़ी ने थाना प्रेमनगर में तहरीर दी थी। राहुल ने बताया कि 4 फरवरी की शाम करीब 7 बजे शास्त्री नगर गेट पर खड़े होने के दौरान उदय ठाकुर और मनोज भास्कर स्प्लेंडर बाइक से आए और मोबाइल व चेन छीनने का प्रयास किया।

राहुल के विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जबकि उदय ठाकुर ने तमंचे से फायरिंग कर दी। इस मामले में थाना प्रेमनगर पर धारा 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था और पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया।
घटना के खुलासे के क्रम में 5 फरवरी की रात प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर पुलिस बल के साथ संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे कूदेशिया फाटक की ओर भागने लगे।
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरपीएफ बैरक के पास रेलवे लाइन किनारे बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उदय ठाकुर उम्र करीब 24 वर्ष के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने मौके से उदय ठाकुर के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं उसके साथी मनोज भास्कर उम्र करीब 22 वर्ष को भी एक अवैध तमंचा .315 बोर और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।
घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों आरोपी पहले से दर्ज मुकदमे में नामजद हैं। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलन किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान बाइक पर पीछे बैठे बदमाश के पैर में गोली लगी है। दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है और घायल बदमाश का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है।




