आपातकाल में संतोष गंगवार ने काटी थी जेल :
संतोष गंगवार का जन्म 1 नवम्बर 1948 को उत्तर प्रदेश के बरेली में हुआ था। उनकी उच्च शिक्षा आगरा विश्वविद्यालय और रुहेलखंड विश्वविद्याय से हुई। जहाँ से उन्होंने बीएससी और एलएलबी की डिग्री प्राप्त की।पढ़ाई के दौरान वह छात्र राजनीति से जुड़े रहे। इंदिरा गांधी की ओर से लगाई गयी इमरजेंसी के दौरान उनको जेल के चक्कर भी काटने पड़े। लगातार 6 बार लोकसभा चुनाव जीतने वाले संतोष गंगवार देश में आपातकाल के दौरान सरकार विरोधी आंदोलन को लेकर जेल भी जा चुके हैं। वह 1996 में उत्तर प्रदेश भाजपा इकाई के महासचिव बनाए गए थे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में पार्टी इकाई के कार्य समिति के सदस्य भी रह चुके हैं।13वीं लोकसभा में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बनी सरकार में वह पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री के साथ-साथ संसदीय कार्य राज्य मंत्री का पदभार भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह विज्ञान एवं तकनीकी राज्यमंत्री भी रह चुके हैं। राजग सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री रह चुके संतोष गंगवार 16वीं लोकसभा में भी सांसद चुने गए हैं। गंगवार ने अपना पहला चुनाव सन 1981 मे बरेली से भाजपा के टिकट पर लडे जिसमें उनकी हार हुई। 1984 मे हुए आम चुनावों मे वह दुबारा हारे। उसके बाद वह उत्तर प्रदेश के बरेली से 1989 से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। हालांकि 15वीं (2009-2014) लोकसभा में उन्हें कांग्रेस के प्रवीण सिंह ऐरन के हाथों हार झेलनी पड़ी थी।