बरेली। रंगों के त्योहार होली पर इस बार पुलिस महकमे का अलग ही रंग देखने को मिला। एडीजी जोन कार्यालय में आयोजित होली मिलन समारोह में जिले के पुलिस अधिकारियों ने औपचारिकता से हटकर उत्साह और उमंग के साथ पर्व मनाया। माहौल उस समय और भी खास हो गया, जब एसएसपी अनुराग आर्य ने मशहूर गाने Na Na Re पर हीरो जैसा डांस कर सबको चौंका दिया। उनके आत्मविश्वास भरे अंदाज और जोशीले स्टेप्स ने समारोह में मौजूद लोगों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का आयोजन एडीजी जोन कार्यालय में एडीजी रमित शर्मा की अगुवाई में किया गया। समारोह में जिले के तमाम पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और पत्रकार शामिल हुए। सभी ने फूलों और गुलाल के साथ होली खेली और एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं दीं।
होली के पारंपरिक और फिल्मी गीतों पर अधिकारियों ने खुलकर आनंद लिया। एडीजी रमित शर्मा ने भी गीतों की धुन पर कदम मिलाकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। डीआईजी अजीत कुनार साहनी ,एसपी ट्रैफिक अकमल खान, एसपी सिटी मानुष पारिक , एसपी ग्रामीण नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र , एसपी ग्रामीण साउथ अंशिका वर्मा और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी ने समारोह को और भी गरिमामय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान सौहार्द और अपनत्व का भाव साफ दिखाई दिया। सख्त छवि के लिए पहचाने जाने वाले अधिकारी जब रंगों में सराबोर होकर मुस्कुराते और झूमते नजर आए, तो माहौल पूरी तरह से उत्सवमय हो गया। सेल्फी प्वाइंट पर भी सभी ने यादगार तस्वीरें खिंचवाईं।



