बरेली में पंचायत बनी कत्ल की वजह, दामाद के हमले में सास-साले की मौत

SHARE:

बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत के दौरान गुस्साए दामाद ने चाकू से हमला कर अपनी सास और साले की हत्या कर दी, जबकि पत्नी को भी घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

दरसल  इज्जतनगर क्षेत्र के रहपुरा गांव में सोमवार को पंचायत के दौरान दोहरे हत्याकांड की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के लोग पंचायत में बैठे थे, लेकिन बातचीत के बीच ही आरोपी युवक ने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक का अपनी पत्नी से काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले को सुलझाने के लिए राशिद के घर पर पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग मौजूद थे। पंचायत के दौरान ही आरोपी आपा खो बैठा और अपने पास मौजूद चाकू से सास और साले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

 

हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। बीच-बचाव करने आई आरोपी की पत्नी पर भी उसने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गई।परिजन तुरंत घायल सास और साले को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

 

घटना स्थल पर ssp अनुराग आर्या तमाम अधिकारियों के साथ

बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले आरोपी अफसर की पत्नी साइमा ने पुलिस से शिकायत भी की थी। इसके बावजूद सोमवार को पंचायत के दौरान यह खौफनाक वारदात हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीमों को लगा दिया है।

एसएसपी अनुराग आर्या ने बताया कि इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा गांव से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपनी सास और साले पर चाकू से हमला कर दिया है। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपनी पत्नी को भी चाकू मारकर घायल कर दिया है और उसका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था और पहले भी कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया जा चुका था।

एसएसपी के अनुसार जिस स्थान पर यह घटना हुई है, वहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और पुलिस फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आरोपी की तलाश जारी है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!