बरेली ।जिस तरह Noida में खुले नाले में गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, उसी तरह अब बरेली में भी बड़ा हादसा हो गया। सैटलाइट बस अड्डे के पास नाले में गिरा युवक 17 घंटे बाद भी लापता है।Bareilly के बारादरी थाना क्षेत्र स्थित सैटलाइट बस अड्डे पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खुले नाले में गिरने के बाद एक युवक का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। यह घटना देर रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नाले के किनारे बैठा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरे नाले में जा गिरा और तेज बहाव में बह गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ ही क्षणों में नजरों से ओझल हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक के गिरने की पुष्टि होती है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। रातभर चले अभियान में जेसीबी मशीनों की मदद से नाले की सफाई और तलाशी ली गई, लेकिन 17 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चल सका है।
नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने बताया कि युवक की तलाश लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है और न ही किसी परिजन ने संपर्क किया है। जरूरत पड़ने पर सर्च अभियान को आगे के इलाकों तक बढ़ाया जाएगा।
नोएडा जैसी घटनाओं के बाद भी यदि शहरों में खुले नालों को लेकर सुधार नहीं होता, तो इस तरह के हादसे दोहराए जाते रहेंगे। बरेली की यह घटना भी नगर निगम की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता युवक को ढूंढना है।



