बरेली में अलग-अलग समय पर अदा होगी नमाज़, उलेमाओं ने दी मुबारकबाद

SHARE:

बरेली में ईद को लेकर उत्साह का माहौल है। दरगाह से जुड़े उलेमाओं ने सभी को ईद की मुबारकबाद देते हुए भाईचारे, मोहब्बत और एकता का संदेश दिया है। साथ ही शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाह में नमाज़ के समय भी जारी कर दिए गए हैं।

बरेली में दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रज़ा क़ादरी (अहसन मियां) ने प्रदेशवासियों को ईद की दिली मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि ईद आपसी प्रेम, भाईचारे और खुशियों का त्योहार है। इस मौके पर सभी लोग अपने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगें और रिश्तों को मजबूत करें।

 

मुफ्ती अहसन मियां ने खासतौर पर अपील की कि ईद के दिन गरीब और जरूरतमंद लोगों का ध्यान रखा जाए, ताकि वे भी इस खुशी में बराबर के हिस्सेदार बन सकें। उन्होंने कहा कि असली ईद वही है, जब समाज के हर वर्ग के चेहरे पर मुस्कान हो।
दरगाह पर चांद नजर आने के बाद मुफ्ती ज़ईम रज़ा, मौलाना अबरार उल हक़, मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी समेत कई उलेमाओं और सामाजिक लोगों ने भी लोगों को ईद की बधाई दी और अमन-चैन की दुआ की।

शहर में ईद की नमाज़ अलग-अलग स्थानों पर तय समय के अनुसार अदा की जाएगी। ईदगाह में मुख्य नमाज़ सुबह 10:30 बजे होगी। इसके अलावा दरगाह वली मियां की चांद मस्जिद में सुबह 6:40 बजे, दरगाह शाह शराफ़त अली मियां में 7:00 बजे, दरगाह ताजुश्शरिया में 7:30 बजे, खानकाहे वामिकिया में 8:15 बजे, दरगाह बशीर मियां में 8:30 बजे नमाज़ अदा की जाएगी।वहीं किला की जामा मस्जिद, खानकाह ए नियाज़िया और दरगाह शाहदाना वली नौमहला मस्जिद में सुबह 9:30 बजे नमाज़ होगी, जबकि सबसे आखिर में दरगाह आला हज़रत की रज़ा मस्जिद में 11:00 बजे ईद की नमाज़ अदा की जाएगी।

ईद के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में

 

फोटो में डीएम अविनाश सिंह

बरेली के डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि ईद के त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले में 176 ईदगाह और 1376 मस्जिदों में नमाज़ अदा की जाएगी। सभी प्रमुख स्थानों पर वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है और जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहेगा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, ईद पर किसी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।

 

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!