बरेली:उत्तर प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि श्री मान अखिलेश के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है । उनके पास केवल जातीय एजेंडा है। वह पीडीए पीडीए लेकर घूमते है। योगी ही 2027 में सूबे के सीएम बनेंगे।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों के साथ बैठक में गर्मी के मौसम को देखते हुए गौवंश की देखभाल पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता है कि कोई भी निराश्रित पशु भूखा होने के साथ रोड पर दिखाई ना दे।
उन्होंने पत्रकारों को यह भी बताया कि प्रदेश की 7500 गौशालाओं में लगभग 14 लाख गौवंश संरक्षित हैं और अब हर गौशाला स्तर पर भूसा बैंक बनाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही गोचर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराकर हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने आगे यह भी बताया कि हर जिले में डीएम की अध्यक्षता में 6 सदस्यीय समिति बनाई गई है, जो गौवंश के लिए स्वच्छ पानी और लू से बचाव के इंतजाम सुनिश्चित करेगी।निजी स्कूलों द्वारा फीस और ड्रेस के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि प्रशासन से इस विषय में जानकारी लेकर उचित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने अभिभावकों से सरकारी स्कूलों में शिक्षा के विकल्प पर भी विचार करने की अपील की।इसके अलावा, खराब मौसम से प्रभावित किसानों के लिए सभी जिलों के डीएम को मुआवजा दिलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।बता दे कि बरेली में आज पशुधन मंत्री ने जिले के आधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।



