प्यार की बयार इतनी तेज चल रही है कि गांवों में रहने वाले भोले-भाले लड़के-लड़कियां भी इसके साथ बहते जा रहे हैं। बरेली में भमोरा इलाके के एक गांव में रहने वाले एक लड़का-लड़की साथ खेलते-खेलते कब एक-दूसरे के हो गए उन्हें पता ही नहीं चला। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं तो परिजनों ने बंदिशें लगा दीं। फिर भी दोनों एक-दूसरे से जुदा नहीं हुए तो परिजनों ने लड़के की शादी तय कर दी। मगर साथ जीने-मरने की कसमें खा चुके प्रेमीयुगल को जुदाई स्वीकार नहीं थी। लड़के ने फेसबुक पर एक पोस्ट वायरल की, जिसमें लिखा इस जन्म में नहीं मिले अगले जनम में मिलेंगे बाय-बाय। इतना लिखने के बाद उसने आत्महत्या कर ली।
बरेली जिले के थाना भमोरा क्षेत्र के एक गांव में ननिहाल में रहकर इंटरमीडिए पास करने वाले युवक का उसी गांव की लड़की से प्रेम चल रहा था। शुरुआत में घरवालों ने इन दोनों की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। मगर जब नजदीकियां ज्यादा बढ़ गईं तो ननिहाल वालों को इसकी जानकारी हुई। उन्होंने पहले तो दोनों को समझाने की कोशिश की।, लेकिन दोनों के बीच हरकतें जारी रहीं। इस पर ननिहाल वालों ने युवक की शादी का रिश्ता दूसरी लड़की से तय कर दिया।
इसके बाद युवक के तिलक की रस्म पूरी हो गई। दो माह बाद शादी होना तय थी। प्रेमी की शादी दूसरी जगह तय होने से लड़की परेशान हो गई। उसने प्रेमी स्पष्ट कह दिया कि तुम्हारी शादी हो गई तो वह अपनी जान दे देगी। इसके बाद युवक मानसिक तनाव में रहने लगा। फिर उसने प्रेमिका की खातिर जान देने का फैसला कर लिया। उसने फेसबुक पर लिखा- इस जन्म में नहीं मिले अगले जन्म में मिलेंगे बाय-बाय। इसके बाद उसने गले में साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी।
ननिहाल वालों ने युवक का शव लटका देखा तो कोहराम मच गया, जिसके बाद गांव वालों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों के समझाने पर ननिहाल वालों ने युवका का शव नीचे उतारा और श्मशान भूमि ले जाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इस मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।
