बरेली। भारतीय जनता पार्टी जिला बरेली द्वारा केंद्र सरकार के केंद्रीय बजट 2026–27 का सीधा प्रसारण सौ फिटा रोड स्थित अशरफी बैंक्वेट हॉल में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बजट भाषण को ध्यानपूर्वक सुना और देश की आर्थिक दिशा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं को समझा।
इस अवसर पर नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार पेश किया गया यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग को सशक्त बनाने वाला है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सृजन पर विशेष फोकस आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को मजबूती देगा। लगभग 7 प्रतिशत की निरंतर आर्थिक वृद्धि दर वैश्विक परिस्थितियों में भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था को दर्शाती है।
जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने बजट को विकासोन्मुखी और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि यह बजट हर वर्ग की अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार सृजन, तकनीकी सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत को प्राथमिकता देकर देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत आधार रखा गया है। उन्होंने एमएसएमई सेक्टर, स्वास्थ्य सेवाओं, ग्रीन एनर्जी, सेमीकंडक्टर मिशन और बायो-फार्मा सेक्टर के प्रावधानों को दीर्घकालिक आर्थिक मजबूती का आधार बताया और कार्यकर्ताओं से बजट की प्रमुख बातें आम जनता तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन शर्मा, हरिशंकर गंगवार, कार्यक्रम संयोजक वीरपाल गंगवार, डॉ. निर्भय गुर्जर, मेघनाथ सिंह कठेरिया, चंचल गंगवार, अजय सक्सेना, मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




