बरेली।बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में हुए संकित चौहान हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। खुद को सबसे बड़ा गुंडा साबित करने की सनक में युवक ने अपने ही दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन कैंट पुलिस ने 24 घंटे के भीतर न सिर्फ चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि दो को मुठभेड़ में घायल भी किया।
■ क्या था मामला?
29 मई की रात अशोक नगर कॉलोनी निवासी संकित चौहान, जो मेडिसिटी अस्पताल के सामने पराग डेयरी पर काम करता था, रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। अगले दिन सुबह उसका शव कैंट क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत घर के पास मिला। उसके सीने में गोली लगी थी, जो उसकी हत्या की पुष्टि कर रही थी।
■ शराब पार्टी से शुरू हुआ खूनी खेल
पुलिस जांच में सामने आया कि संकित अपने चार दोस्तों अमन उर्फ रितिक (नकटिया डिफेंस कॉलोनी), जावेद (चनेहटा), आशीष उर्फ सोनू (मुड़िया अहमदनगर) और अंशू (सरकड़ा) के साथ अक्सर शराब पीता था। 29 मई की रात भी सभी ने साथ बैठकर शराब पी। नशे में धुत अमन ने खुद को सबसे बड़ा गुंडा बताने की बात छेड़ दी, जिस पर संकित से उसकी बहस हो गई। खुद को ‘सुपीरियर’ साबित करने की सनक में अमन ने संकित को मारने की ठान ली।
■ गोली मारने के बाद भागे दोस्त
अमन सभी दोस्तों को मोहनपुर पंचायत घर के पास सुनसान जगह पर ले गया। वहां से वह किसी बहाने से घर जाकर तमंचा लेकर लौटा और संकित के सीने में गोली मार दी। संकित की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद चारों आरोपी लाश छोड़कर भाग निकले।
■ मुठभेड़ में दो घायल, चार गिरफ्तार
पुलिस ने जब घटनाक्रम की तह तक जाकर आरोपियों की घेराबंदी की तो शुक्रवार रात कैंट क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान अमन और जावेद के पैर में गोली लगी। दोनों को घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके अन्य साथी आशीष और अंशू को भी पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से दो तमंचे और दो बाइकें बरामद कीं।
■ हत्यारोपी अमन और जावेद हैं हिस्ट्रीशीटर
मुख्य आरोपी अमन उर्फ रितिक पर पहले से हत्या समेत 10 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि जावेद पर छह मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पुलिस के हिस्ट्रीशीटर हैं। पुलिस बाकी दो आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
■ प्रेम विवाह कर छुपाया आपराधिक इतिहास
अमन ने चार महीने पहले एक युवती युक्ति से प्रेम विवाह किया था, जिसे अमन के आपराधिक इतिहास की कोई जानकारी नहीं थी। बताया जा रहा है कि शादी से पहले युक्ति बच्चों को डांस सिखाने का कार्य करती थी।
■ एसपी सिटी बोले — साबित करना चाहता था खुद को खतरनाक
एसपी सिटी मानुष पारीक ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी अमन खुद को ‘डॉन’ के रूप में स्थापित करना चाहता था। इसी मानसिकता ने एक निर्दोष युवक की जान ले ली। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
यह मामला दर्शाता है कि किस तरह नशा, झूठी शान और अपराध की दुनिया में खुद को बड़ा दिखाने की होड़ युवाओं को हैवान बना रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संकित के परिवार को कुछ हद तक न्याय मिला, लेकिन यह घटना समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है।
