ANTF और थाना भमोरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 11 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

बरेली। थाना भमोरा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में अफीम तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने झारखंड से अफीम लाकर बरेली में सप्लाई करने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 11 किलो अफीम, एक कार, दो मोबाइल फोन और 9200 रुपये नकद बरामद किए हैं।

बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार 5 जनवरी 2026 को ANTF टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग झारखंड से अफीम की खेप लेकर उत्तर प्रदेश आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर ANTF और थाना भमोरा पुलिस ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया और रमपुरा अंडरपास पर घेराबंदी कर एक कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में अफीम बरामद की गई।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
केशु मुंडा, जिला खूंटी (झारखंड) , बलराम मुंडा, जिला रांची (झारखंड)के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी सनी चौधरी  ने बताया कि अभियुक्त कार संख्या JH01CF2813 से अफीम की खेप लेकर आ रहे थे।पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे लंबे समय से अफीम की खेती और तस्करी से जुड़े हुए हैं और झारखंड से अफीम लाकर बरेली सहित अन्य जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ धारा 8/18/29/60 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

कार्रवाई में थाना भमोरा पुलिस टीम और ANTF बरेली की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!