पत्रकार पर हमले का मुद्दा गरमाया ,सांसद नीरज मौर्य ने गृह मंत्री को भेजा पत्र

SHARE:

बरेली।सनराइज अस्पताल में कवरेज के दौरान पत्रकार संतोष कुमार शाक्य के साथ हुई मारपीट की घटना अब राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में बड़ा मुद्दा बन चुकी है। आंवला लोकसभा के सांसद नीरज मौर्य ने इस प्रकरण को अत्यंत गंभीर बताते हुए केंद्रीय गृह मंत्री को विस्तृत पत्र भेजकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और अस्पताल प्रबंधन पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

सांसद ने अपने पत्र में कहा कि पत्रकार संतोष शाक्य ने उन्हें प्रार्थना-पत्र देकर बताया कि 28 नवंबर को ग्राम खुर्दा, तहसील बहेड़ी के एक युवक की मृत्यु के मामले की कवरेज करने वे सनराइज अस्पताल पहुंचे थे। तभी अस्पताल के मैनेजर सोहेल खान सहित स्टाफ ने न सिर्फ पत्रकार के साथ बदसलूकी और मारपीट की, बल्कि धमकाते हुए उनका मोबाइल छीनने की भी कोशिश की।

 

घटना की शिकायत इज्जतनगर थाने में दर्ज है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई न होने पर सांसद ने गहरी नाराजगी जताई है।सांसद नीरज मौर्य ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि सनराइज अस्पताल पर पहले भी कई गंभीर आरोप लगे हैं, जिनमें आयुष्मान कार्ड जब्त करने, मरीजों से अवैध वसूली, फर्जी बिलिंग, एंबुलेंस रैकेट जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई न की गई तो यह जनहित और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

सांसद ने गृह मंत्री से आग्रह किया है कि पत्रकार पर हुए हमले को लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा प्रहार मानते हुए आरोपियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अस्पताल में चल रही अवैध गतिविधियों की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण हैं और उन पर हमला किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है। इसलिए इस घटना को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।

यह मामला अब प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और केंद्र सरकार की निगरानी में आ गया है, जिससे आगामी दिनों में कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!