IND VS ENG 3rd Test LIVE: टीम इंडिया को दूसरा झटका, पुजारा लौटे पवेलियन

SHARE:

नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड (India vs England) के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला हेडिंग्ले (Headingley) के मैदान पर खेला जा रहा है. टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किए गए हैं. पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 5 ओवर में 2 विकेट खोकर 4 रन बना लिया है. 

तीसरे टेस्ट का पहला दिन जारी

मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा. केएल राहुल बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए. चेतेश्वर पुजारा भी कुछ खास नहीं कर सके और 9 गेंदों में 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. 

विराट कोहली से शतक की उम्मीद

विराट कोहली ने अपना आखिरी इंटरनेशनल शतक नवंबर 2019 में लगाया था. वो मौजूदा सीरीज में बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे. उनसे हालांकि हमेशा बड़े स्कोर की उम्मीद की जाती है. उन्होंने पहले दो टेस्ट मैचों में ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंदों पर अपने विकेट गंवाए. ऐसे में उनसे हेंडिग्ले में इस तरह की गेंदों के सामने बेहतर तकनीकी के साथ बल्लेबाजी करने की उम्मीद की जा रही है.

पुजारा-रहाणे देंगे मजबूती?

चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे की फॉर्म भी भारत के लिए चिंता का विषय है. इन दोनों ने हालांकि लार्ड्स टेस्ट के चौथे दिन तकरीबन 50 ओवर तक बल्लेबाजी करके फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं. इससे मैच 5वें दिन तक खिंच गया जिसके बाद तेज गेंदबाजों ने भारत को जीत दिलाई और सीरीज में 1-0 से आगे किया.

साल 2002 में भारत की जीत

टीम इंडिया (Team India) ने लीड्स में आखिरी टेस्ट 2002 में खेला था. उस वक्त सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) भारतीय कप्तान थे. तब ‘दादा’ के शेरों ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम को पारी और 46 रन से धूल चटाई थी. राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) को शतकीय पारी (148) के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ दिया गया था.

54 साल से लीड्स में नहीं हारा भारत

हेडिंग्ले (Headingley) मैदान पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड शानदार है, पिछले 54 सालों में भारत इस मैदान पर एक भी मैच नहीं हारा. भारत को यहां 1967 में आखिरी बार शिकस्त नसीब हुई थी. वहीं इस मैदान पर इंग्लैंड का रिकॉर्ड बेहद शर्मनाक रहा है. साल 2019 के एशेज मुकाबले में मेजबान टीम 67 रन पर सिमट गई थी.

भारत की पूरी टीम: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, मयंक अग्रवाल, अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), आर अश्विन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, केएल राहुल, ऋद्धिमान साहा, अभिमन्यु ईश्वरन, पृथ्वी सॉव, सूर्यकुमार यादव.

इंग्लैंड की पूरी टीम: जो रूट (कप्तान), मोइन अली, जेम्स एंडरसन, जोनाथन बेयरस्टो, रोरी बर्न्स, जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम कुरेन, हसीब हमीद, डैन लॉरेंस, साकिब महमूद, डाविड मलान, क्रेग ओवरटन, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन.

cradmin
Author: cradmin

Leave a Comment

error: Content is protected !!