बरेली में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पत्नी के साथ घर लौटने की उम्मीद टूटने पर एक युवक ने आत्महत्या कर ली, जिससे परिवार में मातम छा गया।बरेली के महेशपुरा क्रॉसिंग के पास एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी को मनाकर घर ले जाना चाहता था, लेकिन जब वह नहीं मानी तो वह गहरे सदमे में चला गया।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय रामविलास के रूप में हुई है, जो सिरौली क्षेत्र के खुर्द नवाबपुरा गांव का रहने वाला था। उसकी शादी करीब सात साल पहले प्रियंका से हुई थी। उनके दो छोटी बेटियां हैं। कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके कारण पत्नी अपने मायके में रह रही थी।
रामविलास अपनी पत्नी को मनाने के लिए ससुराल गया था। उसे उम्मीद थी कि सब ठीक हो जाएगा, लेकिन बातचीत के दौरान फिर झगड़ा हो गया और पत्नी ने उसके साथ घर जाने से मना कर दिया।इस बात से वह बहुत दुखी हो गया। थोड़ी देर बाद वह महेशपुरा क्रॉसिंग पहुंचा और ट्रेन के सामने कूद गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। दो मासूम बेटियां अब अपने पिता को हमेशा के लिए खो चुकी हैं।
जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम नजर में मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



