मुमताज अली
बहेड़ी (बरेली)। बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत का मामला सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने घटना की जांच कराते हुए अस्पताल को सीज कर दिया। गुरुवार देर रात हुई इस घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरिया रंजीत की 33 वर्षीय गीता को बच्चेदानी में गांठ की समस्या थी। परिजन उन्हें सर्जरी के लिए बाईपास स्थित यूनिसन हॉस्पिटल लेकर गए थे। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और देर रात मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि समय पर उचित उपचार नहीं मिला और डॉक्टर अस्पताल छोड़कर चला गया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और नाराजगी जताई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने जांच टीम गठित की। जांच में अनियमितताएं मिलने पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



