राजकुमार
फतेहगंज पश्चिमी। हाईवे पर राधा कृष्ण मंदिर कट के पास बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। मिली जानकारी के अनुसार थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव गूला निवासी भगवान दास को खिरका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल हुए मजदूर ब्रज किशोर और अजय पाल उर्फ बंटी की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को पहले बरेली भेजा गया, बाद में उन्हें नवोदय अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।




