बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौकशी के संगठित गैंग का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने जांच तेज करते हुए एक अन्य आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सावरखेड़ा गांव के पास बैगुल नदी किनारे स्थित जंगल में लंबे समय से गौकशी का अवैध कारोबार चल रहा था। 12 मार्च को यहां पशुओं के अवशेष मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।21 मार्च को पुलिस टीम ने जंगल में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में गैंग का सरगना फिदा हुसैन, अशफाक, अजय सिंह, नन्द किशोर उर्फ छोटू, सुरेन्द्र और करन शामिल हैं, जबकि फईम नाम का आरोपी फरार है।
पूछताछ में सामने आया कि गैंग सुनसान जंगल का फायदा उठाकर दिन में पशुओं को पकड़ता और रात में उनकी गोकशी कर मांस की सप्लाई करता था।पुलिस के अनुसार, गैंग के सरगना फिदा हुसैन पर करीब 25 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसके साथी अशफाक पर 8 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। अन्य आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि भी खंगाली जा रही है।
मौके से पुलिस ने गोकशी में इस्तेमाल होने वाले हथियार, रस्सियां और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है और गैंग के नेटवर्क व सप्लाई चेन की जांच की जा रही है।



