बरेली के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस और इनामिया बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 25 हजार रुपये का इनामिया गौकश कामिल उर्फ नक्ता घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर करीब 15 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम के एक मामले में वांछित आरोपी बंद पड़ी रबर फैक्ट्री के पास जंगल में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली उपनिरीक्षक पंकज कुमार के बाजू को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा।
पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, कारतूस और गौकशी से जुड़े उपकरण बरामद किए गए हैं।घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, कामिल उर्फ नक्ता निवासी ग्यासपुर, थाना बीसलपुर जनपद पीलीभीत का रहने वाला है। उसके खिलाफ गौकशी, गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। वह 25 हजार रुपये का इनामिया अपराधी था और पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी।पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



