बरेली में ईद का उल्लास, हजारों लोगों ने एक साथ मांगी देश की सलामती की दुआ

SHARE:

बरेली के बाकरगंज स्थित ईदगाह में ईद-उल-फितर के मौके पर हजारों लोगों ने एक साथ नमाज़ अदा की। पूरे जिले में भाईचारे, उत्साह और शांति का माहौल देखने को मिला, वहीं प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

 

बाकरगंज ईदगाह में ईद के अवसर पर सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोगों ने एक साथ नमाज़ अदा की और देश में अमन, शांति व खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।

 

त्योहार को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। पुलिस के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई और विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर लगातार निगरानी करते रहे, जिससे हर गतिविधि पर नजर बनी रही और कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ।

फोटो में एसपी सिटी मानुष पारिक

जिलेभर में ईद की नमाज़ बड़े स्तर पर अदा की गई। जानकारी के अनुसार, पूरे जनपद में 176 ईदगाहों और 1369 मस्जिदों में नमाज़ हुई। शहरी इलाकों में 23 ईदगाह और 493 मस्जिदों में नमाज़ अदा की गई, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 153 ईदगाह और 876 मस्जिदों में लोगों ने इबादत की। प्रशासन की मुस्तैदी के चलते सभी जगह व्यवस्था सुचारू बनी रही।


एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि शहर की 23 ईदगाहों और 481 मस्जिदों में नमाज़ अदा की गई। उन्होंने कहा कि ईद को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे और सभी स्थानों पर नमाज़ शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई।

ईदगाह के बाहर विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने कैंप लगाकर नमाज़ियों का स्वागत किया और उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं। पूरे शहर में त्योहार को लेकर उत्साह और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!