बरेली के आंवला क्षेत्र में तीन महीने से लापता पांच वर्षीय बच्चे का शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मासूम की इस दर्दनाक मौत ने परिवार को झकझोर दिया है, जबकि परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक आंवला थाना क्षेत्र के गांव कंधरपुर में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के किनारे बने एक तालाब में एक बच्चे का शव दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी।
शव की पहचान पांच वर्षीय सोनू कश्यप के रूप में हुई, जो पिछले करीब तीन माह से लापता था। परिजनों ने पहले ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन लंबे समय तक तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका था।
शनिवार को तालाब में शव मिलने की खबर जैसे ही फैली, मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजन पहुंचे तो बेटे का शव देख बिलख पड़े। मां नैना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पिता भरत सिंह सदमे में हैं।बताया गया कि सोनू दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर का था। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पिता भरत सिंह ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए कुछ लोगों पर तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर हत्या की आशंका जताई है।हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।



