चैत्र नवरात्रि की शुरुआत पर बरेली के मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

SHARE:

बरेली । चैत्र नवरात्रि के पहले दिन बरेली में कालीबाड़ी स्थित श्री काली मंदिर समेत शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।

नवरात्रि के पहले दिन बरेली शहर में भक्ति और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। लोगों ने घरों और मंदिरों में विधि-विधान से मां शैलपुत्री की पूजा कर नवरात्रि का शुभारंभ किया।

 

किला क्षेत्र के नौ देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। इसके अलावा चौरासी घंटा मंदिर और नेकपुर स्थित ललिता देवी मंदिर में भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिरों में “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा और कई स्थानों पर भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया।


नवरात्रि के अवसर पर पूजा सामग्री की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने माता को अर्पित करने के लिए चुनरी, सिंदूर और अन्य श्रृंगार सामग्री की खरीदारी की।
उधर, कालीबाड़ी स्थित श्री काली मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भीड़ के कारण मंदिर के आसपास कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि यातायात पुलिस ने मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था को संभाले रखा।

 

मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा। श्रद्धालुओं का कहना है कि श्री काली मंदिर के प्रति उनकी गहरी आस्था है और नवरात्रि के दौरान वे लगातार नौ दिनों तक यहां दर्शन के लिए आते हैं।नवरात्रि के पहले दिन पूरे शहर में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!