देश के मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को 41 दिन पहले दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज उनका निधन हो गया। इस दुखद खबर के साथ पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव अपनी कॉमेडी से लोगों को खूब हंसाते थे, लेकिन आज उन्होंने सबकी आंखों में आंसू लाकर इस दुनिया से विदाई ले ली। राजू श्रीवास्तव की प्रोफेशनल लाइफ के बारे में तो सभी जानते हैं लेकिन उनकी पर्सनल लाइफ के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। वह अपनी पत्नी से बहुत प्यार करते थे और उनकी प्रेम कहानी भी बहुत फिल्मी थी।
राजू श्रीवास्तव की पत्नी का नाम शिखा है। दंपति के दो बच्चे अंतरा और आयुष्मान हैं। उनके प्रशंसकों को शायद ही पता हो कि राजू श्रीवास्तव को शिखा से पहली नजर में प्यार हो गया था। लेकिन राजू श्रीवास्तव को इसके लिए 12 साल इंतजार करना पड़ा। दरअसल, राजू श्रीवास्तव ने फतेहपुर में अपने भाई की शादी के दौरान शिखा को पहली बार देखा था उसके बाद शिखा को अपना दिल दे बैठे थे। उन्होंने फैसला किया कि अगर मैं शादी करुगा तो इस लड़की के साथ ही करूंग। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि जब उन्हें पता चला कि शिखा उनकी भाभी के चाचा की बेटी है, तो उन्होंने अपने भाइयों को मना लिया और इटावा पहुंच गए। वहां जाने के बाद भी वह शिखा से कुछ भी कहने की हिम्मत नहीं कर पाए।
फिर साल 1982 में वह अपनी किस्मत आजमाने मुंबई आए और यहां काफी संघर्ष किया। जीवन में कुछ हासिल करने के बाद उन्होंने शिखा से शादी करने का फैसला किया। वह शिखा को पत्र लिखते थे लेकिन अपनी भावनाओं को व्यक्त नहीं कर पाते थे। बाद में उन्होंने शिखा के घर शादी का प्रस्ताव भेजा और दोनों ने 17 मई 1993 को शादी कर ली।