बरेली। रामपुर गार्डन की पॉश कॉलोनी में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक कारोबारी की क्रेटा कार पार कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित रामपुर गार्डन इलाके में रविवार देर रात चोरों ने सुनसान का फायदा उठाकर एक कारोबारी की क्रेटा कार चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि बदमाश पहले से कार में सवार होकर आए थे और मौके की रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में संदिग्ध लोग कार के आसपास घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं और कुछ ही देर में कार लेकर मौके से निकल जाते हैं।घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी और थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कार बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
सुरक्षा पर उठे सवाल:
पॉश कॉलोनी में इस तरह की वारदात से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के बावजूद चोरों का इस तरह सक्रिय होना चिंताजनक है।फिलहाल, पुलिस की टीमें फुटेज खंगाल रही हैं और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी गई है।



